मिलवर्क्स 160 करोड़ रुपये का IPO 14 जुलाई को होगा लॉन्च
एयरोस्पेस और डिफेंस जैसे उद्योगों के लिए पुर्जे बनाने वाली बेंगलुरु की कंपनी मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज अपना लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 14 जुलाई को लॉन्च करने जा रही है।
शेयर खरीदने का यह ऑफर 16 जुलाई तक खुला रहेगा, जिसमें एक शेयर की कीमत 315 से 331 रुपये के बीच तय की गई है।
एक निवेशक को कम से कम 400 शेयर खरीदने होंगे। कंपनी का मकसद इस IPO से 160.33 करोड़ रुपये जुटाना है, जिसका इस्तेमाल वह अपने अगले विकास के चरण में तेजी लाने के लिए करेगी।
एंकर निवेशकों को पहले मिलेगा निवेश का मौका
यह IPO बड़े संस्थानों, मार्केट मेकर्स और आम खुदरा निवेशकों सभी के लिए खुला रहेगा। एंकर निवेशकों को IPO खुलने से एक दिन पहले 13 जुलाई को शेयरों में निवेश का पहला मौका दिया जाएगा।
IPO प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलवर्क्स की लिस्टिंग BSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए शानदार वित्तीय आंकड़े पेश किए हैं।
इस दौरान कंपनी का राजस्व 148.77 करोड़ रुपये और मुनाफा 37.06 करोड़ रुपये रहा। कंपनी इन फंड्स का इस्तेमाल नए उपकरण खरीदने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और अन्य सामान्य व्यावसायिक खर्चों के लिए करेगी, जिससे वे अपने मिशन-क्रिटिकल टेक कंपोनेंट्स का निर्माण और भी बेहतर ढंग से कर पाएंगे।