मध्य पूर्व युद्ध से शेयर बाजार में आज भी हाहाकार, सुबह-सुबह 1,700 अंक टूटा सेंसक्स
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (4 मार्च) फिर सुबह-सुबह भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह 09:35 बजे सेंसेक्स 1,742 अंक टूटकर 78,495 पर आ गया, वहीं निफ्टी 50 सुबह 545 अंक फिसलकर 24,320 अंक पर कारोबार करता दिखा। इस गिरावट से बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद निवेशकों का करीब 9 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। कुछ ही मिनटों में बाजार का कुल मार्केट कैप घटकर करीब 448 लाख करोड़ रुपये पर गया।
वैश्विक चिंता
युद्ध से बढ़ी वैश्विक चिंता
बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता युद्ध तनाव माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में लगातार हो रहे हमलों से वैश्विक बाजारों में डर का माहौल बन गया है। निवेशक जोखिम वाले एसेट्स से पैसा निकालकर सुरक्षित विकल्पों की ओर जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक इस युद्ध को लेकर स्थिति साफ नहीं होती, तब तक शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता बनी रह सकती है।
तेल की कीमत
कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है। इससे केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ रही है। निवेशकों को डर है कि अगर तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रहीं, तो इसका असर अर्थव्यवस्था और कंपनियों के मुनाफे पर पड़ सकता है।
दबाव
रुपया कमजोर होने से दबाव
शेयर बाजार की गिरावट की एक और वजह रुपये की कमजोरी भी है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरकर लगभग 92.15 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। मजबूत डॉलर और वैश्विक अनिश्चितता के कारण विदेशी निवेशक भी सतर्क नजर आ रहे हैं। विश्लेषकों का कहना है कि अगर रुपया और कमजोर होता है, तो इससे बाजार में निवेश का माहौल और दबाव में आ सकता है।