Loading...
AI पर बढ़ते खर्च के लिए 25 अरब डॉलर जुटाएगी माइक्रोसॉफ्ट, जारी करेगी बॉन्ड
AI पर खर्च के लिए 25 अरब डॉलर जुटाएगी माइक्रोसॉफ्ट

AI पर बढ़ते खर्च के लिए 25 अरब डॉलर जुटाएगी माइक्रोसॉफ्ट, जारी करेगी बॉन्ड

Oct 30, 2026
09:22 am

क्या है खबर?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी योजनाओं पर खर्च बढ़ाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट करीब 25 अरब डॉलर (लगभग 2,400 अरब रुपये) का कर्ज जुटाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी अमेरिका में बॉन्ड जारी करेगी। खास बात यह है कि माइक्रोसॉफ्ट 9 साल से ज्यादा समय बाद पहली बार अमेरिकी बाजार में निवेश श्रेणी के बॉन्ड बेचने जा रही है। इस पेशकश को निवेशकों से अच्छा समर्थन मिला है और 100 अरब डॉलर से ज्यादा के ऑर्डर मिले हैं।

बॉन्ड

2 से 40 साल तक की अवधि वाले बॉन्ड होंगे जारी

माइक्रोसॉफ्ट इस बॉन्ड बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपने सामान्य कारोबारी कामों में करेगी।

इसमें कंपनी के रोजमर्रा के खर्च, नए निवेश, शेयरों की दोबारा खरीद, दूसरी कंपनियों का अधिग्रहण और पुराने कर्ज का भुगतान शामिल है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अलग-अलग अवधि के 10 हिस्सों में बॉन्ड जारी कर रही है। इनकी समय सीमा दो से 40 साल तक होगी। कंपनी ने बताया कि बॉन्ड की बिक्री की प्रक्रिया 4 नवंबर को पूरी होगी।

खर्च

AI और डाटा सेंटर पर बढ़ रहा खर्च

माइक्रोसॉफ्ट समेत कई बड़ी टेक कंपनियां AI के विकास और डाटा सेंटर बनाने पर भारी रकम खर्च कर रही हैं।

पहले ये कंपनियां अपने पास मौजूद नकदी से निवेश करती थीं, लेकिन अब कर्ज के जरिए भी पैसा जुटा रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट की वित्त प्रमुख एमी हूड ने कहा कि कंपनी जरूरत पड़ने पर पैसे जुटाने के नए विकल्प तलाशेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी नकदी की उपलब्धता और आर्थिक मजबूती बनाए रखने पर ध्यान दे रही है।

ADVERTISEMENT

अन्य

दूसरी बड़ी टेक कंपनियों से अलग है माइक्रोसॉफ्ट की स्थिति

माइक्रोसॉफ्ट को उम्मीद है कि जून, 2027 तक चलने वाले मौजूदा वित्त वर्ष में उसका फ्री कैश फ्लो सकारात्मक रहेगा।

यह उसे अल्फाबेट, मेटा और अमेजन जैसी कंपनियों से अलग बनाता है, जिन्होंने हाल की तिमाहियों में नकारात्मक फ्री कैश फ्लो दर्ज किया है। वहीं, ओरेकल ने भी 10 अरब डॉलर का नया कर्ज जुटाने की योजना बताई है।

गुरुवार को कारोबार के दौरान माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में 0.7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

ADVERTISEMENT