शुक्रवार को माइक्रोसॉफ्ट के शेयर मामूली बढ़त के साथ बंद हुए भले ही कंपनी को एक बड़े वैश्विक आउटेज का सामना करना पड़ा।
इस आउटेज के कारण 70 से ज्यादा देशों में 24 घंटे से भी ज्यादा समय तक आउटलुक, टीम और कोपायलट जैसी सेवाएं ठप रहीं।
एक समय माइक्रोसॉफ्ट के शेयर 3 फीसदी तक गिर गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने वापसी की और 523.88 डॉलर (करीब 49,000 रुपये) पर बंद हुए।
सेवाएं बहाल होने का दावा
यह आउटेज गुरुवार को शुरू हुआ था। इसकी वजह एक्सचेंज ऑनलाइन में नेटवर्क अपग्रेड से जुड़ी एक समस्या बताई गई। देखते ही देखते यह दिक्कत इतनी बढ़ी कि दुनियाभर से 74 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। एक समय तो हर मिनट करीब 20,000 शिकायतें आ रही थीं।
इस वैश्विक आउटेज से एयरलाइन कंपनियों और सरकारी एजेंसियों को भी काफी परेशानी हुई। माइक्रोसॉफ्ट ने शनिवार को बताया कि सभी सेवाएं पूरी तरह से बहाल कर दी गई हैं।
कंपनी ने साफ किया कि यह कोई साइबर हमला या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी गड़बड़ी नहीं थी, बल्कि उनकी अंदरूनी तकनीकी व्यवस्था में हुई एक छोटी-सी चूक थी। उसने इस असुविधा के लिए माफी मांगी है और कहा है कि वे भविष्य में ऐसी समस्याओं को रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।