माइक्रोसॉफ्ट के एक्सबॉक्स डिवीजन में फिर हो सकती है बड़ी छंटनी
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट की गेमिंग डिवीजन एक्सबॉक्स एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगले महीने नौकरियों में कटौती के साथ-साथ मार्केटिंग और अन्य बजट में भी कमी कर सकती है। यह बदलाव कंपनी के नए नेतृत्व के तहत किए जाने वाले बड़े पुनर्गठन का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने इस खबर पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
बदलाव
नए नेतृत्व में पहला बड़ा बदलाव
रिपोर्ट के मुताबिक, यह छंटनी गेमिंग यूनिट की नई प्रमुख आशा शर्मा के नेतृत्व में होने वाला पहला बड़ा पुनर्गठन होगा। शर्मा ने इस साल फरवरी में एक्सबॉक्स डिवीजन की जिम्मेदारी संभाली थी। बताया जा रहा है कि कंपनी आने वाले समय में अपने कामकाज के तरीके और खर्चों की समीक्षा कर रही है। इसी प्रक्रिया के तहत कुछ विभागों में बदलाव और लागत कम करने के कदम उठाए जा सकते हैं ताकि कारोबार को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
दबाव
रेवेन्यू और प्रदर्शन पर बढ़ा दबाव
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में आंतरिक ईमेल का हवाला देते हुए कहा गया है कि एक्सबॉक्स का प्रदर्शन हाल के वर्षों में दबाव में रहा है। कंपनी ने कंटेंट, प्लेटफॉर्म और हार्डवेयर सहायता पर 20 अरब डॉलर (लगभग 1,900 अरब रुपये) से अधिक खर्च किए हैं। इसके बावजूद पिछले पांच वर्षों में सालाना रेवेन्यू में आधा अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कंपनी का अकाउंटेबिलिटी मार्जिन घटकर करीब 3 प्रतिशत रह गया है।
रणनीति
रणनीति में बदलाव की तैयारी
कंपनी आने वाले हफ्तों और महीनों में अपने प्लेटफॉर्म ढांचे और उत्पाद रणनीति पर दोबारा विचार कर सकती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छंटनी का दायरा कितना बड़ा होगा। माना जा रहा है कि यह कदम माइक्रोसॉफ्ट के वित्तीय वर्ष के समाप्त होने के तुरंत बाद उठाया जा सकता है। इससे पहले कंपनी अपनी गेम पास सेवा की कीमतों और कुछ गेम रिलीज रणनीतियों में भी बदलाव कर चुकी है, जिससे नए दिशा संकेत मिले थे।