AI ट्रेंड के बीच माइक्रोसॉफ्ट का फैसला, कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का ऑफर
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने पहली बार अपने कुछ अमेरिकी कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने के लिए बायआउट का ऑफर दिया है। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब टेक इंडस्ट्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते असर से बदलाव के दौर से गुजर रही है। कंपनी का कहना है कि यह प्रोग्राम कर्मचारियों को अपनी शर्तों पर आगे बढ़ने का मौका देगा, जिससे वे अपने करियर के अगले चरण की योजना आसानी से बना सकें।
ऑफर
किन कर्मचारियों को मिलेगा यह ऑफर?
जानकारी के अनुसार, अमेरिका में करीब 7 प्रतिशत कर्मचारी इस प्रोग्राम के लिए योग्य हो सकते हैं। यह ऑफर सीनियर डायरेक्टर लेवल और उससे नीचे के कर्मचारियों के लिए है। इसके लिए शर्त रखी गई है कि कर्मचारी की उम्र और नौकरी के साल मिलाकर 70 या उससे ज्यादा होने चाहिए। माइक्रोसॉफ्ट के जिन कर्मचारियों को यह ऑफर मिलेगा, उन्हें 7 मई को इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे समय पर फैसला ले सकें।
फैसला
AI और खर्च बढ़ने से लिया गया फैसला
माइक्रोसॉफ्ट इस समय अपने डेटा सेंटर्स और क्लाउड सर्विस में निवेश बढ़ा रहा है, ताकि AI से जुड़ी जरूरतों को पूरा किया जा सके। इसी तरह गूगल और अमेजन जैसी कंपनियां भी इस दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। बढ़ते खर्च और बदलती टेक्नोलॉजी के कारण कंपनियां अपने खर्च को संतुलित करने की कोशिश कर रही हैं, जिसके चलते ऐसे फैसले लिए जा रहे हैं, ताकि भविष्य की जरूरतों के हिसाब से खुद को तैयार किया जा सके।
बदलाव
कंपनी में अन्य बदलाव भी लागू किए गए
माइक्रोसॉफ्ट ने कर्मचारियों से जुड़े कुछ और बदलाव भी किए हैं। अब कंपनी स्टॉक इनाम देने के तरीके में बदलाव कर रही है और इसे सीधे कैश बोनस से नहीं जोड़ेगी। इसके अलावा मैनेजरों के लिए रिव्यू प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है, जिससे वे कर्मचारियों के प्रदर्शन का बेहतर आकलन कर सकें। कंपनी का कहना है कि इन बदलावों से कामकाज ज्यादा सरल होगा और कर्मचारियों को बेहतर तरीके से प्रोत्साहन मिल सकेगा।