Page Loader
मेटा फिर कर सकती है छंटनी, इस विभाग का करेगी पुनर्गठन
मेटा फिर कर सकती है छंटनी (तस्वीर: अनस्प्लैश)

मेटा फिर कर सकती है छंटनी, इस विभाग का करेगी पुनर्गठन

Jun 19, 2024
11:26 am

क्या है खबर?

फेसबुक की मूल कंपनी मेटा एक बार फिर अपने कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। द वर्ज की रिपोर्ट के अनुसार, मेटा अपने रियलिटी लैब्स डिवीजन का पुनर्गठन कर रही है। मेटा के रियलिटी लैब्स डिवीजन को अब 2 (मेटावर्स और वियरेबल्स) समूहों में विभाजित किया जाएगा। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि रियलिटी लैब्स डिवीजन के पुनर्गठन का मतलब है कि डिवीजन से कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा।

संख्या

कितने कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी?

मेटा अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती करेगी, लेकिन फिलहाल इस बात की जानकारी उपलब्ध नहीं है कि इससे कितने कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। कंपनी के मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) एंड्रयू बोसवर्थ ने सभी मेटा कर्मचारियों को पुनर्गठन के बारे में सूचित करते हुए एक ज्ञापन भेजा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुनर्गठन के बाद, रियलिटी लैब्स की मेटावर्स यूनिट ओकुलस हेडसेट्स पर ध्यान देगी, जबकि वियरेबल्स यूनिट रे-बैन स्मार्ट ग्लास सहित अन्य वियरेबल्स पर काम करेगी।

छंटनी

इस साल पहले भी छंटनी कर चुकी है कंपनी

मेटा अगर पुनर्गठन योजना के तहत एक बार फिर अपने कर्मचारियों की छंटनी करती है तो यह इस साल कंपनी की तरफ से लिया गया ऐसा दूसरा फैसला होगा। जनवरी में कंपनी ने इंस्टाग्राम से 60 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। इससे पहले मेटा ने अपने अलग-अलग विभागों से 2022 में करीब 11,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकला था। 2023 में भी कंपनी ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 10,000 से अधिक की कटौती की थी।