क्याें मेटा कर्मचारियों को जारी कर रही क्लास C शेयर?
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग द्वारा टैक्स देनदारियों के कारण अपना वोटिंग कंट्रोल खोने की आशंका जताने के बाद मेटा बिना वोटिंग अधिकार वाले क्लास C शेयर जारी करने जा रही है। इस कदम से जुकरबर्ग का कंपनी पर पूरा नियंत्रण बना रहेगा और साथ ही पैसे जुटाने के नए रास्ते भी खुल जाएंगे।
इसकी घोषणा अक्टूबर में की गई थी। इस फैसले के तहत मौजूदा शेयरधारकों को उनके पास पहले से मौजूद शेयरों के अलावा कुछ अतिरिक्त बिना वोटिंग वाले शेयर भी मिलेंगे।
नए शेयर AI और वेतन के लिए जुटाएंगे फंड
ये नए शेयर मेटा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर अपने बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए पैसे जुटाने और कर्मचारियों को वेतन देने में मदद करेंगे।
खास बात यह है कि इससे जुकरबर्ग की वोटिंग शक्ति बिल्कुल कम नहीं होगी क्योंकि उनके पास क्लास B स्टॉक के कारण अभी भी 60 फीसदी से ज्यादा वोटिंग अधिकार हैं।
इसके अलावा, वे चाहें तो इन नए शेयरों में से 20 फीसदी तक तुरंत बेच भी सकते हैं। ऐसा करने से वे अपनी किसी भी वित्तीय जरूरत को पूरा कर पाएंगे और कंपनी पर उनका नियंत्रण भी बना रहेगा।