माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब मेटा भी कर्मचारियों को दे रही खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प
क्या है खबर?
टेक कंपनी मेटा फ्रांस में अपने कर्मचारियों की संख्या कम करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कंपनी ने कर्मचारियों को खुद नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है। फ्रेंच मीडिया संस्थान ला लेत्रे की रिपोर्ट के अनुसार, इस फैसले का असर फ्रांस में काम करने वाले करीब 300 कर्मचारियों में से 100 पर पड़ सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि किन विभागों या पदों के कर्मचारियों को इस योजना में शामिल किया जाएगा।
समझौता
कर्मचारियों की विदाई के लिए यूनियनों से होगा समझौता
मेटा की यह योजना माइक्रोसॉफ्ट और गूगल के प्रस्तावों से अलग है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी फ्रांस के श्रम कानून के तहत सामूहिक समझौते के जरिए कर्मचारियों की संख्या घटाना चाहती है। इस व्यवस्था में कंपनी ट्रेड यूनियनों के साथ बातचीत करके स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने की शर्तें तय करती है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक कर्मचारियों को 5 नवंबर तक आवेदन देना होगा। मेटा दूसरे देशों में भी ऐसा प्रस्ताव लाएगा या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है।
प्रस्ताव
नौकरी के हर साल पर मिलेगी 2.15 महीने की सैलरी
इस प्रस्ताव को लेकर मेटा और संबंधित पक्षों के बीच जुलाई से बातचीत चल रही है।
कंपनी की ओर से रखी गई शर्तों के मुताबिक, नौकरी में बिताए हर साल के बदले 2.15 महीने की तनख्वाह दी जाएगी। इसके साथ कर्मचारियों को 10 महीने की छुट्टी मिलेगी, जिसके दौरान उन्हें अपनी कुल सैलरी का 80 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा।
कंपनी नया कौशल सीखने और कारोबार शुरू करने के लिए भी आर्थिक सहायता देने पर विचार कर रही है।
निवेश
AI में निवेश बढ़ा रही है कंपनी
मेटा का यह फैसला ऐसे वक्त आया है, जब बड़ी टेक कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भारी रकम खर्च कर रही हैं।
गूगल और माइक्रोसॉफ्ट भी कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने के प्रस्ताव दे चुकी हैं। मेटा ने अप्रैल में दुनियाभर में करीब 8,000 पद खत्म करने की योजना घोषित की थी।
कंपनी प्रमुख मार्क जुकरबर्ग के मुताबिक, AI की मदद से अब छोटी टीमें भी ऐसे काम कर सकती हैं, जिनके लिए पहले ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत पड़ती थी।