डेल, लेनोवो, HPE और सुपरमाइक्रो जैसी बड़ी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्वर के दाम बढ़ा रही हैं। यहां तक कि उन ग्राहकों को भी ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है, जिन्होंने कई महीने पहले ही इनके लिए समझौते कर लिए थे।
इसकी सबसे बड़ी वजह है कि 2024 की शुरुआत से ही मेमोरी चिप की कीमतों में 400 फीसदी से भी ज्यादा का इजाफा हुआ है।
इससे खासकर फाइनेंशियल ट्रेडिंग फर्मों को भारी परेशानी हो रही है। ये कंपनियां अपने डाटा सेंटर बनाने की कोशिश में हैं, लेकिन बाजार में AI हार्डवेयर की कमी है और जो उपलब्ध है, उसके दाम भी बहुत ज्यादा हो गए हैं।
अनुबंध विवाद में डेल पर मुकदमा
इसका एक बड़ा उदाहरण XTX मार्केट्स है। इस कंपनी ने डेल पर मुकदमा कर दिया क्योंकि उसने 54.90 करोड़ डॉलर (करीब 5,100 करोड़ रुपये) के एक सौदे के लिए लाखों डॉलर और मांगे थे।
कंपनी का आरोप है कि उन्होंने कीमत सुनिश्चितता के लिए पहले ही अतिरिक्त भुगतान किया था।
असल में ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) सर्वर के दाम कम से कम 20 से 30 फीसदी तक बढ़ चुके थे। इसकी मुख्य वजह ये भी थी कि बाजार में अभी भी मांग के हिसाब से आपूर्ति बहुत कम है।