मेहली मिस्त्री ने टाटा ट्रस्ट में वापसी करने से किया इनकार
मेहली मिस्त्री ने सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट में ट्रस्टी के तौर पर वापसी से इनकार कर दिया है। इसी साल की शुरुआत में उन्होंने यह पद छोड़ दिया था।
उन्होंने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब वह 2 अन्य ट्रस्टियों, वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह के खिलाफ कुछ गंभीर मामले उठा रहे हैं। महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर उनकी इन शिकायतों पर 15 अक्टूबर को सुनवाई करेंगे।
ट्रस्टियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
मिस्त्री का कहना है कि श्रीनिवासन और सिंह ट्रस्ट के नियमों में तय पारसी धर्म की शर्त को पूरा नहीं करते हैं। उनका यह भी कहना है कि श्रीनिवासन ने नॉर्टन मोटरसाइकिल्स और TVS ग्रुप से जुड़े संभावित हितों के टकराव का खुलासा नहीं किया। दूसरी तरफ, सिंह पर आरोप है कि उन्होंने टाटा ग्रुप की कंपनियों से 20 करोड़ रुपये से ज्यादा का कमीशन लिया।
मिस्त्री मानते हैं कि यह ट्रस्टियों के लिए तय पारदर्शिता के मानदंडों के खिलाफ है। अब वे चाहते हैं कि इन गवर्नेंस से जुड़े मुद्दों पर कोई आधिकारिक फैसला आए।