मेगापोर्ट AI के 4 अनुबंधों को पूरा करने के लिए शेयर बेचकर जुटाएगी धन
ऑस्ट्रेलिया की कंपनी मेगापोर्ट ने अभी हाल ही में अमेरिकी टेक कंपनियों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े 4 बड़े अनुबंध हासिल किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 45.89 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 3,100 करोड़ रुपये) है।
इन्हें पूरा करने के लिए कंपनी को एनवीडिया GPU और नेटवर्क गियर में भारी निवेश करना होगा। इन्हीं खर्चों की भरपाई करने के लिए मेगापोर्ट 82.73 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 5,700 करोड़ रुपये) जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर सॉफ्टवेयर फर्म 14.30 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 1,300 रुपये) प्रति शेयर की दर से नए शेयर जारी कर रही है।
तैयार करेगी वैश्विक क्लाउड AI प्लेटफॉर्म
मेगापोर्ट AI के लिए एक वैश्विक क्लाउड प्लेटफॉर्म बनाने में 35 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 2400 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। इस प्लेटफॉर्म की मदद से कंपनियां अपनी जरूरत के मुताबिक शक्तिशाली GPU का इस्तेमाल कर सकेंगी।
कंपनी के पास 31 देशों में फैले 1,100 से ज्यादा डाटा सेंटर्स हैं, जिनके जरिए यह ग्राहकों को आसान और लचीली सुविधा उपलब्ध कराएगा।
इन नए कदमों से कंपनी ने 2026 के लिए अपने राजस्व अनुमान को भी अपडेट किया है। अब यह 30.70-31.5 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 2,100-2,150 करोड़ रुपये) के बीच रहने की उम्मीद है। निवेशकों को लुभाने के लिए यह कंपनी रियायती दरों पर शेयर पेश कर रही है।