मीशो ने की 15 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी, इतने लोगों की गई नौकरी
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स यूनिकॉर्न मीशो अपने कर्मचारियों की संख्या में 15 प्रतिशत कटौती कर रही है।
मीशो के सह-संस्थापक और CEO विदित आत्रे ने चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल का हवाला देते हुए कंपनी के कर्मचारियों को छंटनी के बारे में सूचित किया है।
इस छंटनी से कंपनी के अलग-अलग विभागों के लगभग 251 कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी है।
हालांकि, फिलहाल इस बात की जानकारी उपलब्ध नहीं है कि छंटनी में किस विभाग के कर्मचारी सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
छंटनी
पिछले साल भी मीशो ने की थी कर्मचारियों की छंटनी
सॉफ्टबैंक समर्थित ई-कॉमर्स यूनिकॉर्न मीशो ने पिछले साल भी 150 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
उस समय भी कंपनी ने चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल का हवाला देते हुए कर्मचारियों की संख्या में कटौती की थी।
कंपनी के CEO विदित आत्रे ने कहा है कि कंपनी ने अधिक संख्या में कर्मचारियों की हायरिंग का गलत निर्णय लिया, जिसके कारण अब खर्च में कटौती के लिए कंपनी को कर्मचारियों की छंटनी करनी पड़ रही है।