दुनियाभर के 17 फीसदी किसान कर रहे AI का इस्तेमाल, मैकिंसे के सर्वे में खुलासा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल अब खेतों में भी बढ़ रहा है। मैकिंसे की 'ग्लोबल फार्मर इनसाइट्स 2026' रिपोर्ट बताती है कि दुनियाभर के 17 प्रतिशत किसान तो अभी से जनरेटिव AI को अपने रोजमर्रा के कृषि कार्यों में शामिल कर चुके हैं।
यह तकनीकी क्रांति ऐसे समय में आई है, जब खेती का सेक्टर एक मुश्किल दौर से गुजर रहा था। 2021-22 में किसानों को सबसे ज्यादा मुनाफा हुआ था, लेकिन उसके बाद से मजदूरी, जमीन और उपकरणों की बढ़ती लागत ने उनके मुनाफे को कम कर दिया था।
AI अपनाने में आगे हैं अमेरिकी किसान
अमेरिकी महाद्वीप के किसान AI के इस्तेमाल में सबसे आगे दिख रहे हैं। वे इसकी मदद से खेती से जुड़े ज्यादा बेहतर फैसले ले पा रहे हैं और अपनी कार्यक्षमता बढ़ा रहे हैं।
10 देशों के 5,500 किसानों पर किए गए इस सर्वे में एक और बात सामने आई। जब किसानों के हाथ तंग होते हैं या कमाई कम होती है तो वे सबसे पहले खाद पर होने वाला खर्च घटाते हैं।
एक और दिलचस्प बात यह है कि विशेष फसलें उगाने वाले आधे से ज्यादा किसान अब कम से कम एक जैविक उत्पाद का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह साफ दिखाता है कि आज के दौर की खेती में कैसे तकनीक और प्रकृति एक साथ मिलकर आगे बढ़ रही हैं।