AI संभालेगा बैंकों के 70 फीसदी जोखिम वाले काम, मैकिंसे का खुलासा
मैकिंसे की एक रिपोर्ट बताती है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बैंकों के जोखिम विभागों में लगभग 70 फीसदी दोहराए जाने वाले काम खुद संभाल सकता है।
इनमें डाटा इकट्ठा करना और नियमों की जांच करना जैसे काम शामिल हैं। इससे बैंक की टीमें बड़ी तस्वीर वाली रणनीति बनाने और बेहतर तरीके से जोखिम का विश्लेषण करने पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगी।
हालांकि, रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि मुश्किल फैसलों के लिए इंसानों की जरूरत बनी रहेगी।
एकजुट AI योजना बनाने की जरूरत
होलसेल लेंडिंग जैसे क्षेत्रों में AI के शुरुआती इस्तेमाल से उत्पादकता में पहले ही 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन बैंकों को अगर, AI का पूरा फायदा उठाना है तो उन्हें ऐसे लोग चाहिए होंगे, जो जोखिम और तकनीक दोनों को अच्छी तरह समझते हों। साथ ही अलग-अलग विभागों के बीच बेहतर तालमेल भी बहुत जरूरी है।
मैकिंसे ने यह चेतावनी भी दी है कि अगर, AI के प्रोजेक्ट्स बिखरे हुए और बिना तालमेल के हुए तो उनसे कोई खास नतीजा नहीं मिलेगा। आगे रहने के लिए बैंकों को एक एकजुट योजना बनानी होगी।