मारुति सुजुकी के शेयरों में आई गिरावट, क्या E-विटारा की कीमत घोषित होने का हुआ असर?
क्या है खबर?
मारुति सुजुकी की ओर से E-विटारा की कीमत घोषित किए जाने के बाद बुधवार (18 फरवरी) को उसके शेयरों में गिरावट आई। दरअसल, ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने कहा कि E-विटारा की कीमत प्रतिस्पर्धी है, लेकिन लाभदायक नहीं हो सकती। सुबह करीब 9:25 बजे उसके शेयर 0.3 फीसदी गिरकर 15,138 रुपये पर थे। ब्रोकरेज ने मारुति को 'बाय' रेटिंग दी है और इसका लक्ष्य मूल्य 16,118 रुपये/शेयर रखा है, जो पिछले बंद भाव 15,192 रुपये/शेयर से 6.1 फीसदी अधिक है।
अनुमान
विश्लेषकों ने लगाया यह अनुमान
नोमुरा ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की पहुंच बढ़ाने के लिए कीमत प्रतिस्पर्धी रखी गई है, लेकिन यह फायदेमंद साबित नहीं होगी। ब्रोकरेज का कहना है कि अगर एकमुश्त खरीद कीमत 16 लाख रुपये या उससे अधिक की हो तो बिक्री में कुछ वृद्धि हो सकती है, लेकिन इससे मार्जिन पर असर पड़ सकता है। शेयर पर नजर रखने वाले 48 विश्लेषकों में से 41 ने 'खरीदें', 5 ने 'होल्ड' की और 2 ने 'बेचें' रेटिंग दी है।
कीमत
इतनी है E-विटारा की शुरुआती कीमत
विश्लेषक ने कहा कि कार निर्माता की E-विटारा को बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) रिटेल प्रोग्राम के तहत आकर्षक कीमत पर लॉन्च किया गया है। कंपनी ने मंगलवार (17 फरवरी) को BaaS के तहत इसकी शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) घोषित की है, जिसमें 3.99 रुपये/किलोमीटर बैटरी का किराया देना होगा। ग्राहक इलेक्ट्रिक कार को नेक्सा शोरूम या वेबसाइट पर 21,000 रुपये की टोकन राशि पर बुक कर सकते हैं। गाड़ी की बैटरी सहित कीमत जल्द घोषित होने की उम्मीद है।