मारुति सुजुकी ने 5 AI स्टार्टअप्स से मिलाया हाथ, कई काम होंगे ऑटाेमेट
मारुति सुजुकी ने अपने इनक्यूबेशन प्रोग्राम के तहत 5 स्टार्टअप्स के साथ हाथ मिलाया है। इसका मकसद है कि कंपनी के कार ऑपरेशनंस (कामकाज) को और स्मार्ट बनाया जा सके और वे पर्यावरण के लिए ज्यादा बेहतर हों।
इस साझेदारी का मुख्य जोर ग्राहकों को बढ़िया सेवाएं देना, कामकाज को आसान बनाना और पर्यावरण के अनुकूल उपाय खोजना है। इन्हीं कंपनियों में से एक है मिनीमाइंस, जो पुरानी लिथियम-आयन बैटरियों को सही ढंग से रिसाइकिल करने में मदद करेगा।
इन साझेदारियों से क्या होगा फायदा?
जिन स्टार्टअप्स को चुना गया है, उनमें सरवम AI, ईजवर्क AI, सिफ्टली, कोडमैट AI और मिनीमाइन्स शामिल हैं। ये सभी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन का इस्तेमाल अलग-अलग तरह के कामों के लिए कर रहे हैं।
सरवम कई भाषाओं में ग्राहकों को चैट सपोर्ट देगा, वहीं ईजवर्क से कार्यालय के काम अपने आप हो जाएंगे और सिफ्टली ब्रांड की पहचान को और बेहतर बनाएगा, जबकि कोडमैट से ऐप्स बनाने का काम तेजी से होगा, वहीं मिनीमाइन्स से बैटरियों को टिकाऊ तरीके से रिसाइकिल करना मुमकिन होगा।
मारुति सुजुकी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हिसाशी ताकेउची ने कहा कि ये साझेदारियां ऐसे व्यावहारिक नवाचार के लिए बहुत जरूरी हैं, जिनसे सचमुच फर्क पड़ेगा और ग्राहकों के साथ कंपनी को फायदा होगा।