संपत्ति के मामले में मार्क जुकरबर्ग ने डेल कंपनी के CEO को पीछे छोड़ा
फोर्ब्स की अरबपतियों की नई सूची के हिसाब से 20 जुलाई तक मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग की कुल संपत्ति 222.1 अरब डॉलर (करीब 21,000 अरब रुपये) हो गई है।
इस बड़ी छलांग के साथ उन्होंने डेल के CEO माइकल डेल को पीछे छोड़ते हुए सूची में 5वां स्थान पा लिया है। दूसरी ओर, माइकल डेल की संपत्ति घटकर 141 अरब डॉलर (करीब 13,000 अरब रुपये) रह गई है। यह कमी कंपनी के शेयरों की कीमतों में हाल ही में आई गिरावट की वजह से हुई है।
डेल की AI सर्वर बिक्री में 757 फीसदी का उछाल
भले ही कंपनी के शेयरों की कीमतें गिरी हों, लेकिन डेल टेक्नोलॉजीज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बाजार में खूब धूम मचा रही है। इस साल कंपनी के शेयर करीब 200 फीसदी ऊपर जा चुके हैं।
पिछले तिमाही में ही कंपनी का राजस्व 88 फीसदी बढ़ गया, जिसकी सबसे बड़ी वजह AI सर्वर की बिक्री में आया 757 फीसदी का जबरदस्त उछाल है।
कंपनी को उम्मीद है कि अगले साल AI सर्वर से उसकी कमाई 60 अरब डॉलर (करीब 5,700 अरब रुपये) से भी ज्यादा हो जाएगी।