मणिपाल हेल्थ के IPO का सपाट या गिरावट के साथ हो सकता है आगाज
मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का 9,275 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) बुधवार (5 अगस्त) को शेयर बाजार में लिस्ट हो रहा है।
इस पेशकश में बड़े संस्थागत निवेशकों ने खूब रुचि दिखाई, लेकिन खुदरा निवेशकों में कम उत्साह दिखा। IPO को करीब 5 गुना सब्सक्रिप्शन मिला, जिसमें बड़े संस्थागत निवेशकों की भूमिका अहम रही।
जुटाई रकम का ज्यादा हिस्सा कर्ज चुकाने पर होगा खर्च
IPO से मिली रकम का एक बड़ा हिस्सा लगभग 5,553 करोड़ रुपये कंपनी अपना कर्ज चुकाने में इस्तेमाल करेगी। यह रकम कंपनी के कुल कर्ज के करीब आधे हिस्से को कवर करेगी।
इसके अलावा, बचे हुए पैसों से कंपनी साह्यद्री हॉस्पिटल्स में हिस्सेदारी भी खरीदेगी। पिछले साल कंपनी की कुल आय 26 फीसदी बढ़कर 10,520.5 करोड़ रुपये पहुंच गई थी, फिर भी मुनाफा पिछले साल के मुकाबले घट गया। शेयरों के उच्च मूल्यांकन और खुदरा निवेशकों के कम रुझान को देखते हुए कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज के महेश एम ओझा ने उम्मीद जताई है कि शेयर की लिस्टिंग फीकी रह सकती है। उनके अनुमान के मुताबिक, मणिपाल के शेयर अपने IPO मूल्य से कम पर या सपाट शुरुआत कर सकते हैं।