महाराष्ट्र ने AI नीति 2026 को दी मंजूरी, 10,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी सरकार
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में राज्य को आगे रखने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने AI नीति 2026 को मंजूरी दे दी है। इस नीति के तहत राज्य में तकनीक को बढ़ावा देने और नई संभावनाएं बनाने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि AI के जरिए विकास को तेज किया जाए और आने वाले समय में इसे रोजगार और उद्योगों से जोड़ा जाए, ताकि राज्य देश में इस क्षेत्र में मजबूत स्थिति बना सके।
योजना
10,000 करोड़ रुपये निवेश का योजना
इस नीति के तहत सरकार करीब 10,000 करोड़ रुपये निवेश करने का योजना बना रही है। इसके जरिए 1.5 लाख रोजगार के अवसर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही दो लाख युवाओं को AI तकनीक में ट्रेनिंग देने की भी योजना है। सरकार का मानना है कि इससे युवाओं को नई स्किल मिलेगी और उद्योगों को जरूरत के अनुसार तैयार कर्मचारी मिल सकेंगे, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर
इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
सरकार छह AI उत्कृष्टता केंद्र और पांच AI नवाचार शहर बनाने की योजना पर काम करेगी। इसके अलावा 2,000 GPU उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मजबूत कंप्यूटिंग सिस्टम तैयार किया जा सके। करीब 5,000 छोटे और मध्यम उद्योगों को AI अपनाने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके साथ ही 50 AI टूल्स और उपयोग के नए तरीके विकसित करने का भी लक्ष्य रखा गया है, जिससे उद्योग क्षेत्र को फायदा मिलेगा।
स्टार्टअप्स
स्टार्टअप्स और नई सुविधाओं पर जोर
इस नीति के तहत स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए 500 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया जाएगा, जिसमें सरकार भी हिस्सा देगी। इसके साथ ही, बिजली दरों में छूट और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। स्थानीय भाषाओं में डाटा तैयार करने और AI आधारित सेवाओं को बढ़ावा देने पर भी जोर रहेगा। सरकार एथिकल AI के लिए अलग ढांचा बनाने की दिशा में भी काम करेगी, ताकि तकनीक का सुरक्षित और सही इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा सके।