इनोवेशन प्लेटफॉर्म कैपिटल ने की कर्नाटक में ग्रीन हाइड्रोजन और डाटा सेंटर में निवेश की घोषणा
लक्जमबर्ग की कंपनी इनोवेशन प्लेटफॉर्म कैपिटल (iPC) ने बेंगलुरु-तुमकरु में एक ग्रीन हाइड्रोजन और हाइपरस्केल डाटा सेंटर प्लेटफॉर्म बनाने के लिए 83,480 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने का प्रस्ताव रखा है।
यह पूरा प्रोजेक्ट बेंगलुरु और तुमकरु में 3 चरणों में पूरा होगा। इसका मकसद स्वच्छ ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है।
पहले चरण में खर्च होंगे 17,114 करोड़ रुपये
इस योजना में कुल 2,250 मेगावाट IT लोड वाले डाटा सेंटर बनाए जाएंगे और 1,000 मेगावाट ग्रीन हाइड्रोजन का उत्पादन भी किया जाएगा। पहले चरण के लिए 17,114 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसमें 200-200 मेगावाट क्षमता वाले 2 बड़े डाटा कैंपस बनेंगे और एक 500 मेगावाट का ग्रीन हाइड्रोजन कॉम्प्लेक्स भी तैयार होगा।
इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए लगभग 1,000 एकड़ जमीन की जरूरत पड़ेगी। इसमें से ज्यादातर जमीन टेक हब और पावर प्लांट के लिए इस्तेमाल होगी। इसमें पानी रीसाइक्लिंग की सुविधा भी मौजूद होगी।
मंत्री ने की कंपनी अधिकारियों से मुलाकात
राज्य सरकार भी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित है और इसे पूरा करने में सहयोग कर रही है। कंपनी ने सरकार से इस प्रोजेक्ट के लिए 1,000 एकड़ जमीन मांगी है। राज्य के बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने कंपनी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और इस प्रस्तावित प्रोजेक्ट के बारे में बातचीत की।