ल्यूपिन की नींद की समस्या के मरीजों की दवा को FDA ने दी मंजूरी
ल्यूपिन को हाल ही में अपनी मोडाफिनिल टैबलेट्स के लिए अमेरिका के खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) से मंजूरी मिल गई है।
ये टैबलेट्स उन वयस्कों के लिए हैं, जिन्हें नार्कोलेप्सी, स्लीप एपनिया या शिफ्ट वर्क डिसऑर्डर जैसी समस्याओं के कारण जागते रहने में मुश्किल होती है।
ये टैबलेट्स असल में प्रोविगिल नाम की दवा का जेनेरिक संस्करण हैं और इनके आने से अमेरिका में इलाज के नए विकल्प मिल गए हैं। गंभीर नींद की समस्या झेल रहे लोगों के लिए यह राहत की बात है।
वैश्विक स्तर पर कंपनी कर रही विस्तार
इस खबर के आने के बाद ल्यूपिन शेयर सुर्खियों में आ गए। यह पिछले कारोबारी सत्र में 2,111 रुपये पर बंद हुआ। यह अपने हाल के उच्चतम स्तर से भले ही नीचे आया हो, लेकिन पिछले साल के न्यूनतम स्तर से अभी भी ऊपर है। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 96,528.82 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी लगातार वैश्विक स्तर पर भी अपना विस्तार कर रही है। हाल ही में उसकी सहायक कंपनी विसुफार्मा बीवी ने टेनपॉइंट थेराप्यूटिक्स की सहायक कंपनी विसुस थेराप्यूटिक्स के साथ एक विशेष लाइसेंसिंग समझौता किया है। इसके तहत, यूवेजी नाम की दवा का व्यावसायीकरण, बिक्री, प्रचार-प्रसार और वितरण किया जाएगा।