लुमिनो इंडस्ट्रीज का IPO खुलने से पहले ही दिग्गजों ने लगाए 207 करोड़ रुपये
पावर, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए केबल, कंडक्टर और इलेक्ट्रिकल वायर बनाने वाली लुमिनो इंडस्ट्रीज ने अपने आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) खुलने से पहले बड़े एंकर निवेशकों से करीब 207 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
यह IPO 27 अगस्त को खुलेगा और 31 अगस्त तक चलेगा। कंपनी का लक्ष्य है कि वह इससे कुल 700 करोड़ रुपये जुटाएगी। इसके एक शेयर की कीमत 78 से 82 रुपये के बीच तय की गई है।
इस IPO में जिन बड़े नामों ने पैसा लगाया है, उनमें सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस प्राइवेट लिमिटेड, SBI जनरल इंश्योरेंस, बजाज लाइफ इंश्योरेंस और HDFC लार्ज एंड मिड कैप फंड जैसे निवेशक शामिल हैं।
500 करोड़ रुपये के नए शेयर जार होंगे
यह IPO 2 हिस्सों में बंटा है। इसमें 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और 200 करोड़ रुपये के मौजूदा शेयरों की बिक्री होगी। कंपनी जुटाए गए पैसों में से 337 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी, वहीं, 15 करोड़ रुपये मौजूदा कारखाने के लिए नई मशीनें, उपकरण खरीदने, सिविल वर्क करवाने और अंदरूनी सजावट पर खर्च होंगे। बचे हुए पैसे का उपयोग कंपनी की सामान्य जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
अगर, आप इसमें निवेश करना चाहते हैं तो कम से कम 182 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी, जिसकी कीमत करीब 14,924 रुपये होगी। शेयरों का आवंटन 1 सितंबर को होगा और इनकी ट्रेडिंग 3 सितंबर से शुरू हो जाएगी।