LOADING...
लिवस्पेस के CBO ललित मित्तल ने दिया इस्तीफा
लिवस्पेस के CBO ललित मित्तल ने दिया इस्तीफा

लिवस्पेस के CBO ललित मित्तल ने दिया इस्तीफा

Feb 24, 2026
04:36 pm

क्या है खबर?

होम इंटीरियर कंपनी लिवस्पेस के मुख्य व्यावसायिक अधिकारी (CBO) ललित मित्तल ने इस्तीफा दे दिया है। मित्तल का इस्तीफा हाल ही में कंपनी से करीब 1,000 कर्मचारियों की छंटनी के बाद आया है। इससे पहले कंपनी के इंडिया CEO और को-फाउंडर सौरभ जैन ने भी पद छोड़ा था। लगातार दो वरिष्ठ अधिकारियों के जाने से सिंगापुर मुख्यालय वाली कंपनी में बड़े स्तर पर बदलाव की चर्चा तेज हो गई है और भविष्य की रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पुष्टि

कंपनी ने की आधिकारिक पुष्टि

कंपनी ने इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि ललित मित्तल लगभग एक महीने पहले संगठन से अलग हो गए थे। उन्होंने छह साल तक कंपनी के साथ काम किया और इस दौरान कारोबार में चार गुना वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार मित्तल अब अपनी नई उद्यमशील यात्रा शुरू करना चाहते हैं और नए अवसरों की तलाश में हैं। लिवस्पेस ने उनके योगदान, नेतृत्व और रणनीतिक भूमिका के लिए आभार जताया है।

बदलाव

संगठनात्मक बदलाव और AI पर फोकस

लिवस्पेस इस समय बड़े संगठनात्मक बदलाव और पुनर्गठन की प्रक्रिया से गुजर रही है। लागत कम करने और संचालन को बेहतर, तेज और अधिक कुशल बनाने के लिए कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत हाल में बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी की गई थी। मित्तल ने कंपनी में CEO और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर भारत के कारोबार को आगे बढ़ाने और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाई थी।

Advertisement

प्रदर्शन

वित्तीय प्रदर्शन में सुधार

वित्तीय मोर्चे पर कंपनी ने हाल के वर्षों में कुछ सुधार और स्थिरता दिखाई है। वित्त वर्ष 2025 में लिवस्पेस की बिक्री बढ़कर 1,460 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 23 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में कंपनी का घाटा 416 करोड़ रुपये से घटकर 242 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी का कहना है कि नेतृत्व में बदलाव को वह एक विकसित होते और तेजी से बढ़ते संगठन की सामान्य प्रक्रिया मानती है।

Advertisement