Page Loader
लिंक्डइन 668 कर्मचारियों की करेगी छंटनी, इन विभागों पर पड़ेगा असर
लिंक्डइन अपने 668 कर्मचारियों की छंटनी करेगी (तस्वीर: अनस्प्लैश)

लिंक्डइन 668 कर्मचारियों की करेगी छंटनी, इन विभागों पर पड़ेगा असर

Oct 17, 2023
09:44 am

क्या है खबर?

टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के स्वामित्व वाली कंपनी लिंक्डइन ने अपने कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने की घोषणा की है। रिपोर्ट के अनुसार, लिंक्डइन आने वाले दिनों में अपने 668 कर्मचारियों की छंटनी करेगी। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह चीन में अपनी ऐप को चरणबद्ध तरीके से बंद कर देगी। इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने घोषणा की थी कि वह कारोबार चलाने के लिए नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल पेश करेगी।

छंटनी

इससे पहले भी कंपनी कर चुकी है छंटनी 

668 कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा करने से पहले लिंक्डइन इस साल मई महीने में भी 716 कर्मचारियों की छंटनी कर चुकी है, जिससे कंपनी में छंटनी की कुल संख्या अब 1,384 हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस छंटनी से इंजीनियरिंग, प्रोडक्ट और फाइनेंस टीम में काम करने वाले कर्मचारी प्रभावित होंगे। कंपनी ने कहा है कि वह अपने संगठनात्मक ढांचे को सही करने के लिए कर्मचारियों की छंटनी कर रही है।

छंटनी

2023 में टेक सेक्टर के इतने लोगों को गंवानी पड़ी नौकरी 

छंटनी ट्रैक करने वाली वेबसाइट लेऑफ्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल 1 जनवरी से 17 अक्टूबर के बीच दुनियाभर की 1,061 टेक कंपनियों ने 2.43 लाख से भी अधिक कर्मचारियों की छंटनी की है। भारत में भी इस साल 223 टेक कंपनियों ने लगभग 45,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। बता दें कि पिछले साल वैश्विक स्तर पर टेक सेक्टर में काम करने वाले लगभग 1.61 लाख कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी थी।