लिंक्डइन की रिसर्च में बड़ा खुलासा, 83 प्रतिशत जेन-Z प्रोफेशनल नेटवर्किंग से दूर
क्या है खबर?
आज के समय में नौकरी और करियर में सिर्फ पढ़ाई या डिग्री ही काफी नहीं मानी जाती, बल्कि सही लोगों से जुड़ना भी जरूरी होता है। प्रोफेशनल नेटवर्क युवाओं को नौकरी, सलाह और नए अवसरों तक पहुंच दिला सकता है। हालांकि, लिंक्डइन की नई रिसर्च में जेन-Z को लेकर अलग तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 83 प्रतिशत जेन-Z प्रोफेशनल नेटवर्किंग नहीं कर रही है। वहीं 79 प्रतिशत इसे करियर के लिए जरूरी मानती है।
वजह
नेटवर्किंग से दूर रहने की वजह क्या है?
रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे में 44 प्रतिशत भारतीय जेन-Z ने बताया कि उन्हें डर रहता है कि सामने वाला उन्हें जज करेगा।
वहीं 39 प्रतिशत युवाओं को लगता है कि वे दूसरे व्यक्ति को परेशान कर सकते हैं। करीब 37 प्रतिशत लोगों को चिंता रहती है कि संपर्क करने पर वे बनावटी लग सकते हैं।
इसके अलावा, 59 प्रतिशत युवाओं ने कहा कि उन्हें नेटवर्किंग का सही तरीका कभी नहीं बताया गया।
मौके
प्रोफेशनल कनेक्शन से बढ़ते हैं नौकरी के मौके
नौकरी की तलाश में पहले से बने प्रोफेशनल कनेक्शन काफी मददगार साबित हो सकते हैं।
प्लेटफॉर्म पर जिन भारतीय नौकरी आवेदकों का कंपनी के अंदर कोई संपर्क होता है, उनके नौकरी पाने की संभावना बिना संपर्क वाले उम्मीदवारों से करीब 8.5 गुना ज्यादा होती है।
वहीं 30 प्रतिशत जेन-Z ने बताया कि उन्हें अपनी अगली नौकरी ऑनलाइन बनी प्रोफेशनल कम्युनिटी के जरिए मिली। इससे पता चलता है कि सही नेटवर्क करियर के लिए कितना अहम हो सकता है।
नेटवर्किंग
छोटी बातचीत से शुरू कर सकते हैं नेटवर्किंग
नेटवर्किंग के लिए युवाओं को शुरुआत में बड़े लोगों या अधिकारियों से सीधे संपर्क करने की जरूरत नहीं है।
लिंक्डइन के मुताबिक, अनुभवी प्रोफेशनल्स भी युवाओं की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। सर्वे में 92 प्रतिशत मिलेनियल्स और 95 प्रतिशत जेन-X ने कहा कि वे करियर की शुरुआत में किसी अनजान युवा को सलाह दे सकते हैं।
युवाओं के लिए समान रुचि, यूनिवर्सिटी या इंडस्ट्री वाले लोगों से जुड़ना आसान शुरुआत हो सकती है।