लिशियस ने की 80 कर्मचारियों की छंटनी, प्रभावित लोगों को मिलेगा 2 महीने का वेतन
मीट रिटेलर लिशियस ने अपने 3 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की है। इस छंटनी के तहत कंपनी में काम करने वाले 80 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। कंपनी ने कहा है कि यह छंटनी विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए परिचालन को नए सिरे से व्यवस्थित करने की योजन का हिस्सा है। बता दें कि यह कंपनी अपने क्षेत्र की एकमात्र यूनिकॉर्न है। हालांकि, अब यह मंदी का सामना कर रहा है।
प्रभावित कर्मचारियों को 2 महीने का वेतन देगी कंपनी
कंपनी ने कहा है कि वह छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को मुआवजे के रूप में 2 महीने का वेतन देगी। वर्तमान में इस कंपनी में करीब 3,000 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें 650 कॉर्पोरेट कर्मचारी और 2,350 कर्मचारी उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला चला रहे हैं। छंटनी से कौन-कौन से विभाग पर असर पड़ा है इस बारे में जानकारी नहीं है। लिशियस के अतिरिक्त कई अन्य बड़ी कंपनियों ने भी इस साल कर्मचारियों की संख्या में कटौती की है।
इन कंपनियों से भी हुई कर्मचारियों की छंटनी
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ईबे ने 1,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकलने की घोषणा की है। फ्लिपकार्ट ने भी वैश्विक स्तर पर अपने 1,000 कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विग्गी ने 400 कर्मचारी की छंटनी करने का निर्णय लिया है। अमेजन ने अपने अलग-अलग विभागों से 500 से अधिक कर्मचारी की छंटनी की है। गूगल ने इस साल अपने 1,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया है।