Page Loader
स्विगी फिर करेगी कर्मचारियों की छंटनी, 400 लोगों की जाएगी नौकरी
स्विगी 400 कर्मचारियों की छंटनी करेगी

स्विगी फिर करेगी कर्मचारियों की छंटनी, 400 लोगों की जाएगी नौकरी

Jan 25, 2024
06:39 pm

क्या है खबर?

ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाली कंपनी स्विगी अपने 400 कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है। मनीकॉन्ट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, इस छंटनी से कंपनी के लगभग 7 प्रतिशत कार्यबल पर असर पड़ने की संभावना है। वर्तमान में कंपनी के पेरोल पर लगभग 6,000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। बेंगलुरु स्थित कंपनी ने इससे पहले जनवरी, 2023 में खर्च कम करने के लिए अपने मीट मार्केटप्लेस को बंद कर 380 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था।

विभाग

छंटनी से इन विभागों पर पड़ेगा असर 

इस छंटनी से कंपनी के टेक और ऑपरेशन सेक्शन में काम करने वाले कर्मचारियों की सबसे अधिक नौकरी जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल कंपनी की तरफ से इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि वह किन विभागों से कर्मचारियों की छंटनी करेगी और इसे कब तक लागू किया जाएगा। स्विगी इस साल IPO लाने की भी तैयारी कर रही है और इसके लिए उसने संभवतः निवेश बैंकरों को भी तैयार कर लिया है।

छंटनी

ये कंपनियां भी इस साल कर चुकी हैं कर्मचारियों की छंटनी

अमेजन अपने प्राइम वीडियो और MGM स्टूडियो में कर्मचारियों की छंटनी कर रही है, जिससे सैंकड़ों कर्मचारियों की नौकरी जाने की आशंका है। फ्लिपकार्ट भी अपने 5-7 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करेगी, जिससे 1,100-1,500 लोगों की नौकरी जाएगी। गूगल अपने कई विभागों से कर्मचारियों की छंटनी कर रही है, जिससे 1,000 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। गेम स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म डिस्कॉर्ड ने भी अपने लगभग 170 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना बनाई है।