बीमा एजेंट संघ ने IRDAI से की 35 फीसदी तक कमीशन बढ़ाने की मांग
भारतीय जीवन बीमा एजेंट संघ (LIAFI) ने भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) से बीमा एजेंट्स के लिए ज्यादा कमीशन मंजूर करने की अपील की है।
संघ का कहना है कि लगातार बढ़ते खर्चों के कारण बीमा एजेंट्स के लिए अब एक स्थिर कमाई कर पाना और अपना गुजारा चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
15 अक्टूबर को भेजा गया यह प्रस्ताव ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बीमा पहुंचाने और आर्थिक रूप से परेशानी झेल रहे एजेंट्स को मदद पहुंचाने की कोशिशों का एक हिस्सा है।
नए कमीशन स्लैब का रखा प्रस्ताव
LIAFI ने नए कमीशन दरों का सुझाव दिया है। उनके अनुसार, 5 से 9 साल तक की पॉलिसी पर 27 फीसदी, 10 से 14 साल तक की पॉलिसी पर 30 और 15 साल या उससे ज्यादा समय तक चलने वाली पॉलिसी पर 35 फीसदी कमीशन मिलना चाहिए।
इसके साथ ही, संघ ने रिन्यूअल कमीशन के लिए भी मांग की है कि दूसरे साल से लेकर छठे साल तक यह 7.5 फीसदी हो और उसके बाद 6 फीसदी कर दिया जाए।
समूह ने यह भी बताया कि 2023 में कमीशन पर लगी ऊपरी सीमा हटाए जाने के बाद से एजेंट्स की कमाई में कमी आई है। साथ ही, अलग-अलग चैनल्स के बीच कमीशन को लेकर बड़ा अंतर है, जिससे कई एजेंट्स के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।