ऐपल के नेमड्रॉप फीचर पर भारत में मुकदमा, स्टार्टअप ने लगाया पेटेंट उल्लंघन का आरोप
क्या है खबर?
अमेरिका की स्टार्टअप कंपनी GG टेक्नोलॉजीज ने ऐपल के खिलाफ भारत में मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि आईफोन का नेमड्रॉप फीचर उसकी पेटेंट वाली तकनीक का इस्तेमाल करता है। यह फीचर 2 डिवाइस को पास लाकर संपर्क जानकारी शेयर करने की सुविधा देता है। स्टार्टअप ने इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। कंपनी की मांग है कि ऐपल को भारत में इस फीचर का इस्तेमाल करने से रोका जाए।
आरोप
स्टार्टअप का क्या है आरोप?
GG टेक्नोलॉजीज का कहना है कि उसने स्टे टच नाम का ऐप बनाया है, जिसके जरिए दो फोन पास लाकर संपर्क जानकारी साझा की जा सकती है।
कंपनी के मुताबिक, उसने इस तकनीक के लिए 2019 में अमेरिका और 2021 में भारत में पेटेंट आवेदन किया था। जुलाई, 2024 में उसे भारतीय पेटेंट मिला।
स्टार्टअप का आरोप है कि ऐपल का नेमड्रॉप भी इसी तरह काम करता है और उसकी अनुमति के बिना इस तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है।
मांग
भारत में आईफोन और ऐपल वॉच की बिक्री रोकने की मांग
GG टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे हाईकोर्ट से मांग की है कि ऐपल को भारत में नेमड्रॉप फीचर का इस्तेमाल करने से रोका जाए।
कंपनी यह भी चाहती है कि इस सुविधा के साथ आने वाले आईफोन और ऐपल वॉच के आयात और बिक्री पर रोक लगे। स्टार्टअप ने करीब 1,500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की है।
दोनों कंपनियों के बीच मध्यस्थता की कोशिश नाकाम रहने के बाद अक्टूबर में मुकदमा दायर किया गया था।
जांच
अमेरिका में भी ऐपल के खिलाफ शुरू हुई जांच
GG टेक्नोलॉजीज ने अमेरिका में भी ऐपल पर पेटेंट उल्लंघन का आरोप लगाया है।
अगस्त में अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग ने इस मामले में जांच शुरू की थी। स्टार्टअप वहां भी कथित तौर पर पेटेंट का उल्लंघन करने वाले ऐपल उपकरणों के आयात और बिक्री पर रोक चाहता है।
साल 2018 में IIT-दिल्ली के पूर्व छात्र और गोल्डमैन सैक्स के पूर्व कर्मचारी गौरव गोयल ने कंपनी शुरू की थी। एप्पल ने इस मामले पर टिप्पणी नहीं की है।