LAT एयरोस्पेस ने रक्षा रोबोटिक्स स्टार्टअप शारंग शक्ति का किया अधिग्रहण, जानिए क्या है इसका उद्देश्य
क्या है खबर?
विमानन उद्यम LAT एयरोस्पेस ने रक्षा रोबोटिक्स स्टार्टअप शारंग शक्ति का अधिग्रहण कर स्वदेशी रक्षा क्षमता के क्षेत्र में प्रवेश किया है। कंपनी प्रमुख दीपेंद्र गोयल ने कहा कि यह अधिग्रहण भारत से अगली जनरेशन के नागरिक उड्डयन प्लेटफाॅर्म्स को विकसित करने के दीर्घकालिक मिशन के साथ-साथ स्वदेशी रक्षा क्षमताओं के निर्माण की दिशा में हमारा पहला कदम है।" 2023 में स्थापित शारंग शक्ति हवाई निगरानी और खतरों को कम करने वाले तेजी से बढ़ते क्षेत्र में काम करती है।
प्रतिक्रिया
साझेदारी को लेकर कंपनी ने क्या कहा?
दीपेंद्र गोयल ने कहा कि नागरिक उड्डयन और रक्षा को अक्सर अलग-अलग क्षेत्र माना जाता है, लेकिन ऑटोनॉमी, धारणा, संवेदन, नेविगेशन, मार्गदर्शन और नियंत्रण प्रणालियों में बुनियादी टेक्नोलॉजी का ढांचा एक-दूसरे से मेल खाता है। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "शारंग शक्ति को LAT में शामिल करके हम इन क्षमताओं को बुनियादी सिद्धांतों से ही विकसित कर रहे हैं, ताकि समय के साथ इन्हें रक्षा और नागरिक दोनों कार्यक्रमों में तैनात किया जा सके।"
ड्रोन-रोधी सिस्टम्स
कंपनी विकसित कर रही ड्रोन-रोधी सिस्टम
शारंग शक्ति एकीकृत ड्रोन-रोधी सिस्टम्स विकसित कर रही है, जो रियल टाइम में खतरे को बेअसर करने के लिए प्रारंभिक चेतावनी रडार, ऑटोनॉमस हवाई अवरोधक और ऑनबोर्ड मशीन लर्निंग को जोड़ती हैं। वर्तमान में यह छोटे हवाई खतरों का पता लगाने के लिए लो C-SWaP वाले प्रारंभिक चेतावनी रडार सिस्टम के विकास, अवैध ड्रोन को गतिज और गैर-घातक दोनों तरीकों से रोकने के लिए डिजाइन किए गए मानवरहित हवाई वाहनों का निर्माण पर काम कर रही है।