Page Loader
मुफ्त में आधार कार्ड अपडेट करने की अंतिम तिथि है 14 दिसंबर, जानिए कैसे करें
मुफ्त में आधार कार्ड अपडेट करने की अंतिम तिथि है 14 दिसंबर

मुफ्त में आधार कार्ड अपडेट करने की अंतिम तिथि है 14 दिसंबर, जानिए कैसे करें

Dec 10, 2024
01:36 pm

क्या है खबर?

अपना आधार कार्ड आप 14 दिसंबर तक मुफ्त में ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं। इसमें पता, फोन नंबर और अन्य विवरणों को बदला जा सकता है, लेकिन बायोमेट्रिक बदलाव के लिए आधार केंद्र जाना होगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने यह सेवा शुरू की थी, जिसे कई बार बढ़ाया गया, लेकिन अब अंतिम तारीख नजदीक है। 14 दिसंबर के बाद अपडेट के लिए शुल्क लगेगा, इसलिए आधार को समय पर अपडेट करने का यह आखिरी मौका है।

वजह

आधार कार्ड अपडेट करना क्यों जरूरी है? 

आधार कार्ड का उपयोग सरकारी योजनाओं, बैंक अकाउंट खोलने और टिकट बुकिंग जैसी सेवाओं में होता है। इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए विवरण सही होना जरूरी है। गलत जानकारी प्रमाणीकरण विफलता और सेवाओं में बाधा पैदा कर सकती है। UIDAI ने 10 साल पुराने आधार, 15 साल के बच्चों, और बायोमेट्रिक बदलाव वाले लोगों को इसे अपडेट करने की सलाह दी है। नियमित अपडेट से डाटा सटीक रहता है और धोखाधड़ी का खतरा कम होता है।

तरीका

आधार कार्ड को अपडेट कैसे करें?

आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट (myaadhaar.uidai.gov.in) पर जाएं। आधार नंबर और OTP से लॉगिन करें। नाम, पता जैसी जानकारी सत्यापित करें और जरूरत हो तो अपडेट करें। अनुरोध सबमिट करने पर एक नंबर मिलेगा, जिससे आप स्थिति ट्रैक कर सकते हैं। बायोमेट्रिक अपडेट जैसे फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन के लिए आधार केंद्र पर जाना होगा। बता दें कि अपडेट कराने की कुछ सेवाएं मुफ्त में उपलब्ध नहीं हैं उसके लिए मामूली शुल्क देना होगा।