L&T कर रही टोकनाइज्ड बॉन्ड्स से 500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) 3 साल के टोकनाइज्ड बॉन्ड्स के जरिए 500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। ये डिजिटल बॉन्ड्स सालाना 7.4 फीसदी ब्याज देंगे।
इनकी बोली बुधवार (9 सितंबर) को खुलेगी। यह कदम बताता है कि बड़ी कंपनियां अब फाइनेंस में नई तकनीकें अपना रही हैं।
एक ही दिन में हो सकेगा सेटलमेंट
टोकनाइज्ड बॉन्ड्स ब्लॉकचेन तकनीक पर चलते हैं। इसका मतलब है कि इन बॉन्ड्स का मालिकाना हक, उन्हें जारी करना, उनकी खरीद-बिक्री (ट्रेडिंग) और उनका निपटान जैसी सारी जानकारी ब्लॉकचेन या डिस्ट्रीब्यूटेड लेजर पर डिजिटल तरीके से दर्ज की जाती है।
इन बॉन्ड्स को खरीदने के लिए सारे लेन-देन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डिजिटल करेंसी (CBDC) से होंगे, जिससे सेटलमेंट उसी दिन हो जाएंगे।
केवल उन्हीं निवेशकों को इसमें शामिल होने का मौका मिलेगा, जिनके पास एक्टिव सेंट्रल बैंक डिजिटल वॉलेट हैं। L&T ने REC के सोमवार को शुरू किए गए इस चलन को अपनाया है। यह साफ दिखाता है कि ब्लॉकचेन और डिजिटल करेंसी तेजी से भारत के वित्तीय भविष्य का अहम हिस्सा बन रही है।