L&T ने मध्य पूर्व में हासिल किया 15,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का अनुबंध
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने मध्य पूर्व में गैस कंप्रेशन फैसिलिटी और यूटिलिटीज बनाने के लिए 15,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का बड़ा अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) हासिल कर लिया है।
यह अनुबंध वित्त वर्ष 2026 में लेटर ऑफ अवार्ड के तहत दिया गया है और इसे L&T एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर पूरा करेगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नए ठिकानों पर गैस कंप्रेशन क्षमता और यूटिलिटी इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाना है, जिसमें खास तौर पर 'सोर गैस' को संभालने पर ध्यान दिया जाएगा।
प्रोजेक्ट में क्या है शामिल?
इस प्रोजेक्ट में गैस इनलेट और कंप्रेशन सिस्टम से लेकर वाटर हैंडलिंग और प्रोपेन रेफ्रिजरेशन यूनिट्स तक सब कुछ शामिल है। परियोजना के सुचारु संचालन के लिए L&T 230 kV एक्स्ट्रा-हाई-वोल्टेज के 2 सबस्टेशन भी बनाएगी। L&T एनर्जी हाइड्रोकार्बन ऑनशोर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रमुख ईएस सत्यनारायणन ने कहा, "यह अनुबंध एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की शुरुआत है, जो गैस कंप्रेशन क्षमता और यूटिलिटी इन्फ्रास्ट्रक्चर में काफी इजाफा करेगा। यह परियोजना बड़े और जटिल हाइड्रोकार्बन फैसिलिटीज को पूरा करने के हमारे व्यापक अनुभव पर आधारित है और चुनौतीपूर्ण सोर गैस एप्लीकेशंस के लिए एकीकृत समाधान प्रदान करने की हमारी क्षमता को और मजबूत करती है।"