TVS ग्रुप की सदस्य और TVS होल्डिंग्स के अध्यक्ष वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाई कोर्ट में एक याचिका दायर की है।
इसमें उन्होंने अपने परिवार की संपत्तियों के उचित बंटवारे की मांग की है।
इन संपत्तियों में TVS मोटर कंपनी और सुंदरम-क्लेयटन जैसी बड़ी कंपनियों के शेयर भी शामिल हैं। कोर्ट 27 नवंबर को उनकी इस अर्जी पर सुनवाई करेगा।
2005 के विरासत कानून का दिया हवाला
लक्ष्मी वेणु बेटियों के विरासत अधिकारों के लिए अपनी आवाज उठा रही हैं। उन्होंने 2005 के उस कानून का जिक्र किया है, जिसके मुताबिक बेटियों को संपत्ति में बराबर का हिस्सा मिलना चाहिए।
उनका तर्क है कि परिवार के पुराने फैसलों के कारण उन्हें उनके हिस्से से वंचित नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब उन्हें न तो जरूरी दस्तावेज मिले हैं और न ही संपत्ति का कोई साफ ब्यौरा दिया गया है।
लक्ष्मी के इस कदम में उनकी मां भी उनका पूरा समर्थन कर रही हैं, जबकि उनके भाई सुदर्शन इस समय TVS मोटर कंपनी की कमान संभाल रहे हैं।