क्राफ्टन की भारत में PUBG से हटकर नए गेम बनाने की योजना
प्लेयर अननोन्स बैटलग्राउंड (PUBG) गेम बनाने वाली कंपनी क्राफ्टन अब भारत में अपनी पैठ और गहरी कर रही है। यह कंपनी PUBG से हटकर नए गेम बनाने की तैयारी में है।
साथ ही देश की तकनीकी प्रतिभा का फायदा उठाने के लिए यह किसी और भारतीय स्टूडियो को खरीदने पर भी नजर बनाए हुए है। भारत कंपनी के लिए कमाई के लिहाज से शीर्ष-5 बाजारों में से एक है और उसको उम्मीद है कि यहीं उसे अपना अगला बड़ा गेमिंग हिट भी मिलेगा।
25 करोड़ डॉलर का किया निवेश
क्राफ्टन ने भारत के डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में पहले ही 25 करोड़ डॉलर (करीब 2,300 करोड़ रुपये) का निवेश किया है, जिसमें रियल क्रिकेट के स्टूडियो में हिस्सेदारी खरीदना भी शामिल है।
अब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स में 25 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बना रही है। अगले 2 सालों में बेंगलुरु स्थित उसकी टीम में सदस्यों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। AI की मदद से भारत में अनुभवी गेमिंग प्रतिभा की कमी को दूर किया जाएगा।
क्राफ्टन इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) शॉन ह्यूनिल सोन भारत की क्षमता को लेकर वाकई बहुत उत्साहित हैं। उनका कहना है कि भारत विश्व स्तर पर पहचाने जाने वाले गेमिंग टाइटल बनाने की पूरी क्षमता रखता है।