2031 तक AI एजेंट्स को मैनेज करना पेशेवरों के लिए बन जाएगा खास हुनर
KPMG की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, 2031 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट्स को मैनेज करना पेशेवरों के लिए एक बेहद जरूरी हुनर बन जाएगा।
इस रिपोर्ट के लिए 27 देशों के 2,500 तकनीकी कार्यकारी अधिकारियों का सर्वे किया गया था, जिनमें से 92 फीसदी लोगों ने इस बात से सहमति जताई। फिलहाल, 88 फीसदी कंपनियां अपने सिस्टम में एजेंटिक AI बनाने के लिए निवेश कर रही हैं।
डिजिटल असिस्टेंट से तकनीकी टीमों में बदलाव
2027 तक डिजिटल असिस्टेंट तकनीकी टीमों का एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा बन सकते हैं। यह पिछले साल के 28 फीसदी से काफी ज्यादा होगा, जिसका सीधा मतलब है कि टीमों का ढांचा और काम की भूमिकाएं बहुत तेजी से बदलेंगी।
यूनिफोर के सह संस्थापक उमेश सचदेव का कहना है कि अगर, आप चाहते हैं कि आपकी कंपनी बाकियों से आगे रहे तो AI में महारत हासिल करना बहुत अहम है।
ज्यादातर कार्यकारी अधिकारी मुश्किल कामों के लिए बाहर के विशेषज्ञों के साथ साझेदारी करने की भी योजना बना रहे हैं। AI सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट और स्ट्रेटेजिक एडवाइजर नोएल रसेल सलाह देती हैं कि कंपनियों को उन कामों पर ही ध्यान देना चाहिए, जिनमें वे सबसे बेहतर हैं। एक और बड़ी चिंता क्वांटम कंप्यूटिंग को लेकर है। 41 फीसदी अधिकारियों को डर है कि वे क्वांटम से जुड़े एन्क्रिप्शन खतरों से निपटने की तैयारी में पिछड़ रहे हैं।