कोटक बैंक ने IITs के साथ मिलकर SME उद्योगों के लिए शुरू किया AI कार्यक्रम
कोटक महिंद्रा बैंक लघु और मध्यम व्यवसायों (SME) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से परिचित कराने के लिए एक नया प्रोग्राम शुरू कर रहा है।
अक्टूबर से SME प्रमोटर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) कैंपस में 2 दिन की वर्कशॉप में शामिल होंगे। यहां IIT के प्रोफेसर उन्हें सिखाएंगे कि AI का इस्तेमाल करके वे अपने बिजनेस की असली चुनौतियों को कैसे हल कर सकते हैं और उद्योग में हो रहे बदलावों के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकें।
वर्कशॉप में AI के खास समाधान मिलेंगे
इन वर्कशॉप की खासियत इनका हैंड्स-ऑन तरीका है। बिजनेस मालिक अपनी खास बिजनेस समस्याएं पहले से भेज देते हैं, ताकि फैकल्टी उनके लिए AI के खास समाधान सुझा सकें।
उदाहरण के लिए, गद्दे और फोम के उत्पाद बनाने वाली एक बड़ी कंपनी ने AI आधारित स्लीप मॉनिटरिंग टेक्नोलॉजी का अध्ययन किया। इस टेक्नोलॉजी से प्रमोटर को ग्राहक की पसंद के अनुसार तैयार किए गए बेडिंग उत्पादों की मांग का पहले से अनुमान लगाने में मदद मिल सकती है।
इसके साथ ही, प्रोफेसर्स ने यह भी बताया कि कैसे जनरेटिव AI टूल की मदद से स्क्रिप्ट तैयार करने और कंटेंट बनाने में लगने वाला समय काफी कम हो जाता है, जिससे कई काम अब घंटों में ही पूरे किए जा सकते हैं।
सकारात्मक फीडबैक मिलने के बाद बैंक ने इन सेशंस को कम से कम अगले 18 महीनों तक जारी रखने का फैसला किया है। इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा SME को डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धी बनाए रखना है।