कोटक महिंद्रा बैंक में बड़ा बदलाव, अनूप कुमार साहा बनेंगे नए MD और CEO
कोटक महिंद्रा बैंक ने अनूप कुमार साहा को अपना अगला प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) चुना है।
उनका कार्यकाल 1 जनवरी, 2027 से शुरू होगा। वे अशोक वासवानी की जगह लेंगे, जो 2024 से बैंक का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस फैसले को अभी शेयरधारकों की मंजूरी मिलना बाकी है, लेकिन बैंक बोर्ड पहले ही इस पर काम कर रहा है।
अनूप के पास 32 साल से ज्यादा का अनुभव
अनूप के पास इंडस्ट्री का 32 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें से 25 साल उन्होंने फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में बिताए हैं। वे 2026 की शुरुआत में कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े थे और अभी रिटेल बैंकिंग और डेटा एनालिटिक्स डिविजन संभाल रहे हैं।
इससे पहले, वे बजाज फाइनेंस में MD और CEO थे। उन्होंने ICICI बैंक में भी कई बड़े पदों पर काम किया है।
वे IIT खड़गपुर से ग्रेजुएट हैं और उन्होंने IIM लखनऊ से MBA किया है। ऐसे में उन्हें किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी खूब है।