सोलफेज स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स 30 सितंबर को लॉन्च करेगी IPO
कोलकाता की सोलफेज स्मार्ट इलेक्ट्रॉनिक्स 30 सितंबर को अपना आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) लॉन्च करने वाली है। इसके जरिए कंपनी 21.78 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
उसकी 55 रुपये दाम वाले 39.60 लाख तक शेयर जारी करने की योजना है। यह IPO 5 अक्टूबर तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा और 8 अक्टूबर तक बाॅम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकती है।
12 नए शोरूम खोलने की योजना
इस फंड का एक बड़ा हिस्सा सोलफेज स्मार्ट कार्यशील पूंजी और 12 नए शोरूम खोलने में इस्तेमाल करेगी, वहीं बचा हुआ छोटा हिस्सा सामान्य जरूरतों को पूरा करने के लिए रखा जाएगा।
कंपनी 2012 से प्रीमियम ऑडियो, वीडियो और होम ऑटोमेशन तकनीक के लिए जानी जाती है। इसने हाल में अपने मुनाफे में काफी उछाल दर्ज किया है। प्रबंध निदेशक उमेश कुमार अग्रवाल का कहना है कि इस कदम का मकसद ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचना और उनके अनुभव को बेहतर बनाना है।