लीप इंडिया ला रही 2,480 करोड़ रुपये का IPO, जानिए कब देगा दस्तक
KKR के समर्थन वाली सप्लाई चेन कंपनी लीप इंडिया अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लेकर आ रही है। कंपनी के शेयरों की कीमत 151 से 159 रुपये के बीच तय की गई है।
निवेशक 7 से 11 अगस्त तक शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस IPO से कंपनी का लक्ष्य 2,480 करोड़ रुपये जुटाना है।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2026 में लीप इंडिया का मुनाफा 66 फीसदी बढ़ा है। इसी अवधि में राजस्व भी 56.4 फीसदी बढ़ गया, जो मजबूत वृद्धि को दर्शाता है।
480 करोड़ रुपये के जारी होंगे नए शेयर
इस पेशकश में 480 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही, 2,000 करोड़ रुपये का ऑफर फोर सेल (OFS) भी होगा।
OFS के तहत प्रमोटर्स वर्टिकल होल्डिंग्स II और KIA EBT स्कीम 3 अपने शेयर बेचेंगे। कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए भी कुछ शेयर आरक्षित रखे हैं।
शेयरों का बंटवारा संस्थागत खरीदारों (50 फीसदी), गैर-संस्थागत निवेशकों (15 फीसदी) और खुदरा निवेशकों (35 फीसदी) के बीच किया जाएगा। लीप इंडिया के शेयर 14 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने की उम्मीद है।