रुपे क्रेडिट कार्ड बनाने वाली फिनटेक कंपनी कीवी ने वित्त वर्ष 2026 में अपने विज्ञापनों पर 105 करोड़ रुपये खर्च किए। यह राशि कंपनी के कुल खर्च का 68 फीसदी थी।
कंपनी की आय पिछले साल के 3.8 करोड़ रुपये से बढ़कर 16 करोड़ रुपये तक जरूर पहुंची, लेकिन इस बड़े मार्केटिंग अभियान की वजह से उसका घाटा और बढ़ गया।
इस वित्त वर्ष में उसको 129.5 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुना है।
आय के मुकाबले ज्यादा हुआ खर्च
कीवी की कुल आमदनी (ब्याज और म्यूचुअल फंड से हुई आय समेत) 24.9 करोड़ रुपये रही, लेकिन विज्ञापन, कर्मचारियों के वेतन और सॉफ्टवेयर पर हुए खर्चों की वजह से कंपनी का कुल खर्च 154.5 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा।
कंपनी ने अब तक 4.3 करोड़ डॉलर (करीब 400 करोड़ रुपये) जुटा लिए हैं, इसके बावजूद भी भारत के भीड़भाड़ वाले डिजिटल पेमेंट मार्केट में कीवी को अभी भी इन बड़े खर्चों को मुनाफे में बदलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।