केरलम में 2,000 रुपये से ऊपर के खाने के बिल का भुगतान अब नकद में होगा
केरल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (KHRA) ने मंगलवार (13 अक्टूबर, 2026) को घोषणा की कि उसके सदस्य 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से ज्यादा के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) भुगतान स्वीकार करना बंद कर देंगे। यह फैसला 0.4 फीसदी UPI मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) फ्रेमवर्क लागू होने के बाद लिया गया है। इसके बारे में एसोसिएशन का कहना है कि इससे छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। होटल मालिकों का कहना है कि यह लागत छोटे कारोबारों के लिए संभालना मुश्किल है।
छूट की सीमा बढ़ाने की मांग
KHRA के अध्यक्ष जी जयपाल ने कहा कि 2,000 रुपये से ज्यादा के लेन-देन के लिए ग्राहकों को नकद भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा, "हमें ठगा हुआ महसूस हो रहा है, खासकर तब जब हमें डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए बढ़ावा दिया गया था और अब हमें इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ रहा है।"
एसोसिएशन चाहती है कि या तो इन अतिरिक्त शुल्कों को खत्म किया जाए या भुगतान की सीमा बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दी जाए, ताकि डिजिटल भुगतान सभी के लिए व्यावहारिक बने रहें।