कबीर बिस्वास का M स्टार्टअप AI की मदद से अपने आप करेगा घर के काम
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म डंजो के सह संस्थापक कबीर बिस्वास एक बार फिर अपने नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप M के साथ मैदान में उतर आए हैं।
बेंगलुरु में शुरू हुआ यह स्टार्टअप घर की जिंदगी से जुड़ी झंझटों को कम करना चाहता है। इसकी शुरुआत किचन से होगी, जिसमें खाने की योजना, किराने की सूची बनाना और स्टाफ के साथ तालमेल बिठाना जैसे काम शामिल हैं।
पीक XV पार्टनर्स और ब्लूम वेंचर्स जैसे बड़े निवेशकों ने इस स्टार्टअप को 102 करोड़ रुपये की सीड फंडिंग दी है। इस फंडिंग के साथ M रोजमर्रा की जिंदगी को और भी सुगम और व्यवस्थित बनाने पर ध्यान देगा।
व्हाट्सऐप पर हिंदी और बंगाली में करता है बात
अभी M लगभग 150 घरों में अपनी सेवाएं दे रहा है, लेकिन जल्द ही इसका लक्ष्य 10,000 घरों तक पहुंचने का है। इसकी सबसे खास बात है कि यह व्हाट्सऐप पर हिंदी और बंगाली जैसी भाषाओं में घर के स्टाफ से बात करता है।
इससे खाने की प्लानिंग करना और सामान का हिसाब रखना बहुत आसान हो जाता है क्योंकि यह परिवार और उनके स्टाफ के बीच एक सेतु का काम करता है।
शुरुआती सेटअप के दौरान आपकी रोजाना की दिनचर्या और पसंद को इसमें मैप किया जाता है, ताकि घर के काम अपने आप चलते रहें। आने वाले समय में यह ब्लिंकिट और स्विगी इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म्स के साथ भी जुड़ेगा और एक खास ऐप भी जल्द ही लाने की तैयारी में है।