कबीर बिस्वास के AI स्टार्टअप को मिला 102 करोड़ रुपये निवेश, इन निवेशकों ने दिया साथ
क्या है खबर?
डंजो के पूर्व सह-संस्थापक कबीर बिस्वास ने अपने नए स्टार्टअप M के लिए बड़ी फंडिंग जुटाई है। यह एक कंज्यूमर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्टार्टअप है, जो रोजमर्रा के काम और फैसलों को आसान बनाने पर काम कर रहा है। इस स्टार्टअप का लक्ष्य घर के मैनेजमेंट और सर्विसेज को ऑटोमेट करना है। कंपनी को इस फंडिंग राउंड में करीब 102 करोड़ रुपये मिल रहे हैं, जिससे इसके काम और तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
निवेश
किसने कितना निवेश किया?
इस फंडिंग राउंड को पीक XV पार्टनर्स लीड कर रहा है, जिसने करीब 46.4 करोड़ रुपये का निवेश किया है। वहीं ब्लूम वेंचर्स ने लगभग 37.12 करोड़ रुपये और क्रेड ने करीब 18.56 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। कंपनी को पहले ही करीब 83.53 करोड़ रुपये मिल चुके हैं और बाकी रकम जल्द मिलने की उम्मीद है। इस निवेश के बाद कंपनी की वैल्यू करीब 300 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
काम
कंपनी क्या करती है?
M स्टार्टअप को कबीर बिस्वास और कार्तिक मिश्रा ने मिलकर शुरू किया है। यह AI तकनीक की मदद से लोगों के रोजमर्रा के काम, फैसले और कोऑर्डिनेशन को आसान बनाने पर काम कर रहा है। इसका मकसद घर से जुड़े कई छोटे-बड़े कामों को ऑटोमेट करना है, जिससे लोगों का समय बचे और काम बिना झंझट के हो सके। कंपनी की शुरुआत 2025 में क्यूरियस डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड के नाम से हुई थी।
योजना
हिस्सेदारी और भविष्य की योजना
इस निवेश के बाद पीक XV पार्टनर्स के पास करीब 15.47 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी, जबकि ब्लूम वेंचर्स और क्रेड के पास क्रमशः 12.37 प्रतिशत और 6.19 प्रतिशत हिस्सेदारी रहेगी। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 21.11 प्रतिशत ESOP पूल भी रखा है। कबीर बिस्वास पहले डंजो और फ्लिपकार्ट मिनट्स से जुड़े रहे हैं। अब वह AI आधारित इस नए स्टार्टअप के जरिए कंज्यूमर सर्विस सेक्टर में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में हैं।