नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री जोसेफ स्टिग्लिट्ज ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर जो अभी इतना हल्ला है, वो एक बुलबुला हो सकता है, जो कभी भी फूट सकता है।
उन्होंने भारत को इस बारे में सावधान रहने की सलाह दी है। हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए उन्होंने साफ बताया कि कैसे AI कोडर और प्रोग्रामर की नौकरियों के लिए खतरा बन रहा है, जो भारत की तरक्की के लिए बहुत जरूरी हैं।
समिट में स्टिग्लिट्ज ने कहा कि यह एक विडंबना है कि AI कोडर और प्रोग्रामर की जगह लेने में इतना अच्छा निकला है।
AI शेयरों की बढ़ती कीमतों पर उठाया सवाल
स्टिग्लिट्ज ने चेतावनी दी कि अगर, सही नीतियां नहीं बनाई गईं तो AI के फैलने से कई देशों में बड़े पैमाने पर नौकरियां जा सकती हैं और अर्थव्यवस्था में अस्थिरता आ सकती है।
उन्होंने इस बात की भी आलोचना की कि कैसे कुछ कंपनियां अपनी लिस्टिंग से पहले, यानि शेयर बाजार में आने से पहले अपनी स्टॉक की कीमतें बढ़ाने के लिए जोखिम भरे AI तकनीक का बढ़ा-चढ़ाकर प्रचार करती हैं।
स्टिग्लिट्ज ने कहा कि जहां इन नई तकनीकों से अमेरिका को फायदा हो सकता है, वहीं भारत को नुकसान उठाना पड़ सकता है, जब तक भारत इन फायदों को सबके साथ बराबरी से बांटने और अपनी आर्थिक रणनीति पर फिर से सोचने का कोई तरीका नहीं ढूंढता।