बिटकॉइन बढ़त के साथ 84,000 डॉलर के करीब पहुंची, फेड की टिप्पणी का असर
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 1.5 फीसदी की बढ़त के साथ 83,900 डॉलर (करीब 79.50 लाख रुपये) के करीब पहुंच गई है और इस उछाल की वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की एक अहम टिप्पणी है।
न्यूयॉर्क फेड के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने साफ संकेत दिया है कि 2027 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की कोई उम्मीद नहीं है। उनके इस बयान से अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ और क्रिप्टोकरेंसी के साथ-साथ एशियाई बाजारों में भी नया जोश भर गया।
इस तेजी में बाकी डिजिटल करेंसी भी पीछे नहीं रहीं। जेडकैश में करीब 7 फीसदी का उछाल आया, जबकि सोलाना, डॉजकॉइन और ईथर में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली।
एशियाई बाजारों ने की वापसी
विलियम्स की इन टिप्पणियों से केवल क्रिप्टोकरेंसी ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के शेयर बाजारों को भी सहारा मिला। एशियाई बाजारों में भी सैमसंग और SK हाईनिक्स जैसी बड़ी कंपनियों के शेयरों में फिर से तेजी लौट आई।
हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर, महंगाई फिर से बढ़ती है तो 2026 में ब्याज दरें बढ़ाई जा सकती हैं। ऐसे में गुरुवार को आने वाली अमेरिका की महंगाई रिपोर्ट पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं। खासकर उन लोगों की जो इस साल बिटकॉइन के उतार-चढ़ाव पर करीब से नजर रख रहे हैं।