जॉब इंश्योरेंस छंटनी की चिंता को कर सकता है दूर, जानिए क्या है इसकी पात्रता
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से इस साल नवंबर तक दुनियाभर में 2 लाख से ज्यादा टेक कर्मचारियों की नौकरियां चली गईं। जो कर्मचारी इस बात से चिंतित हैं कि AI उनकी जगह ले लेगा, उनके लिए सबसे बड़ी चिंता अपने बिल चुकाने की है। अगर, आपकी जॉब इंश्योरेंस पॉलिसी में नौकरी जाने के कारण को कवर किया गया है तो इससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। यह हर तरह की छंटनी में लागू होता है।
ऐड-ऑन
ऐड-ऑन के तौर पर मिलती है यह पॉलिसी
पैसाबाजार के अनुसार, भारत में जॉब इंश्योरेंस किसी दूसरी पॉलिसी के साथ एक अतिरिक्त सुविधा (ऐड-ऑन) के रूप में मिलता है, न कि एक अलग पॉलिसी के तौर पर।
यह आपको होम इंश्योरेंस, एक्सीडेंट कवर या क्रिटिकल इलनेस इंश्योरेंस के साथ मिल सकता है।
इससे मिलने वाली राशि होम लोन की किस्तों या अन्य वित्तीय जिम्मेदारियों को पूरा करने में मदद कर सकती है। नौकरी की तलाश के दौरान आपको 3 महीने तक का सपोर्ट मिल सकता है।
पात्रता
कौन उठा सकता है इसका फायदा?
इस कवर के लिए पात्र होने के लिए आमतौर पर आपके पास किसी रजिस्टर्ड कंपनी में वेतनभोगी नौकरी होनी चाहिए।
पैसाबाजार की शर्तों के अनुसार, स्वरोजगार वाले लोग इसके लिए पात्र नहीं हैं। कैजुअल, मौसमी, अस्थायी और अनुबंध आधारित रोजगार भी इस कवरेज के दायरे में नहीं आते हैं।
हो सकता है कि आप यह ऐड-ऑन खरीदने के योग्य हों, लेकिन क्लेम करते समय आपको कुछ पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है।
शर्तें
क्लेम के समय देखी जाती है नौकरी जाने की वजह
नौकरी जाने का कारण उतना ही मायने रखता है, जितना कि रोजगार का स्टेटस।
कुछ प्लान में गंभीर बीमारी या दुर्घटना के कारण विकलांगता की वजह से नौकरी जाने की स्थिति को कवर किया जा सकता है।
नौकरी से निकाला जाना या कुछ समय के लिए हटाया जाना संबंधित शर्तों के दायरे में आ सकता है।
अगर, AI की वजह से नौकरी गई है तो यह देखना होगा कि पॉलिसी में इस कारण को किस तरह से देखा गया है।
प्रतिबंध
इन स्थितियों में नहीं मिलेगा क्लेम
पॉलिसी शुरू होने के बाद 30 से 90 दिनों की वेटिंग पीरियड हो सकती है। इस दौरान नौकरी छूट जाने पर आपको क्लेम का भुगतान नहीं मिलेगा।
इस कवर में प्रोबेशन के दौरान नौकरी छूटना या अपनी मर्जी से इस्तीफा देना या रिटायर होना शामिल नहीं है।
खराब प्रदर्शन, बेईमानी या धोखाधड़ी की वजह से नौकरी से निकाले जाने पर भी बीमा क्लेम अमान्य हो सकता है। ऐड-ऑन खरीदने से पहले नौकरी छूटने से संबंधित शर्त को ध्यान से पढ़ें।