Page Loader
जियोहॉटस्टार में हो रही छंटनी, जाएगी 1,100 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी
जियोहॉटस्टार के 1,100 से अधिक कर्मचारियों की हो रही छंटनी

जियोहॉटस्टार में हो रही छंटनी, जाएगी 1,100 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी

Mar 06, 2025
02:07 pm

क्या है खबर?

रिलायंस के वायकॉम 18 और डिज्नी के स्टार इंडिया के संयुक्त उद्यम जियोस्टार ने हाल ही में जियोहॉटस्टार लॉन्च किया। अब यह कंपनी 1,100 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। इसका उद्देश्य ओवरलैपिंग भूमिकाओं को खत्म करना और संसाधनों का अनुकूलन करना है। छंटनी फरवरी से शुरू हुई थी और जून तक जारी रहने की उम्मीद है। कंपनी का कहना है कि यह कदम इसे अधिक कुशल और प्रतिस्पर्धी बनाएगा।

असर

किन कर्मचारियों पर पड़ेगा असर?

छंटनी मुख्य रूप से कॉर्पोरेट विभागों को प्रभावित करेगी, जिसमें प्रवेश स्तर के कर्मचारी, वरिष्ठ प्रबंधक, निदेशक और सहायक उपाध्यक्ष शामिल हैं। हालांकि, स्पोर्ट्स डिवीजन पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि कंपनी के पास इंडियन प्रीमियर लीग (IPL), महिला प्रीमियर लीग (WPL), चैंपियंस ट्रॉफी और अन्य प्रमुख टूर्नामेंटों के प्रसारण अधिकार हैं। दूसरी ओर, कलर्स कन्नड़ और कलर्स बांग्ला जैसे क्षेत्रीय नेटवर्क के कर्मचारियों को बड़ी संख्या में नौकरी गंवाने का खतरा है।

सहायता

कर्मचारियों को क्या मिलेगा? 

प्रभावित कर्मचारियों को 6-12 महीने के वेतन का सेवरेंस पैकेज मिलेगा, जिसमें प्रत्येक वर्ष की सेवा के लिए 1 महीने का वेतन शामिल होगा। इसके अलावा, नोटिस पीरियड के दौरान भी कर्मचारियों को पूरा वेतन दिया जाएगा। कुछ कर्मचारियों को रिलायंस या जियो में नई भूमिकाएं भी मिल सकती हैं। कंपनी इस प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से करने का प्रयास कर रही है, ताकि प्रभावित कर्मचारियों को उचित सहायता मिल सके।