जियोब्लैकरॉक सुरक्षित निवेश के लिए 11 सितंबर को पेश करेगी बैलेंस्ड एडवांटेज फंड
जियोब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड अपना 'बैलेंस्ड एडवांटेज फंड' शुरू करने वाला है। यह फंड शेयर बाजार और सुरक्षित निवेश का मिश्रण होगा, जिसका मकसद आपके पैसे को बढ़ाना और उसमें स्थिरता बनाए रखना है। इसकी नई फंड पेशकश (NFO) 11 से 25 सितंबर तक खुली रहेगी।
निवेशकों को यूनिट्स मिलने के कुछ ही दिनों बाद से इसमें खरीद-बिक्री शुरू हो जाएगी। इस स्कीम का मुख्य लक्ष्य लंबी अवधि में संपत्ति बनाना और साथ ही निवेश से नियमित आय दिलाना है।
न्यूनतम 500 रुपये से कर सकते हैं निवेश
इसमें आप केवल 500 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। यह पैसा आप एक साथ लगा सकते हैं या फिर सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए भी निवेश कर सकते हैं, बशर्ते कम से कम 6 किश्तें जमा करनी होंगी।
इस फंड का 65 से 90 फीसदी हिस्सा शेयरों में लगाया जाएगा, जबकि बाकी निवेश सुरक्षित साधनों में किया जाएगा। इस फंड को 6 सदस्यों की एक टीम संभालेगी, जो ब्लैकरॉक के अल्लादीन टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म की मदद से निवेश संबंधी फैसले लेगी। इस फंड के प्रदर्शन को 'निफ्टी 50 हाइब्रिड कम्पोजिट डेट 50:50 इंडेक्स (TRI)' के मुकाबले परखा जाएगा।
एक बात का ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि इस निवेश को बहुत ज्यादा जोखिम भरा माना गया है। इसलिए, यह उन्हीं निवेशकों के लिए है, जो बाजार के उतार-चढ़ाव को सहने की क्षमता रखते हैं।